शाहजहांपुर: लगातार बारिश के चलते बढ़ा गर्रा नदी का जलस्तर, डीएम ने संवेदनशील स्थलों का किया निरीक्षण

उप्र के शाहजहांपुर जनपद में गर्रा नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

शाहजहांपुर: लगातार बारिश के चलते बढ़ा गर्रा नदी का जलस्तर, डीएम ने संवेदनशील स्थलों का किया निरीक्षण
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट  

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद में गर्रा नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

डीएम ने सुभाष नगर के पास निर्माणाधीन पुल, मौजमपुर पम्प कैनाल के समीप डैम रोड और अजीजगंज तटबंध के पास कांशीराम कॉलोनी के नाले का जायजा लिया। उन्होंने डैम रोड के कल्वर्ट बंद कराने तथा दो-तीन शरणालय सक्रिय करने के निर्देश दिये।

अधिशासी अभियंता शारदा नहर खंड ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण गर्रा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। 1 सितंबर की रात दियूनी बैराज से 36,801 क्यूसेक पानी गर्रा नदी में छोड़ा गया, जिसका प्रभाव 3-4 दिन में शाहजहांपुर पहुंचने की संभावना है। अजीजगंज पुल पर जलस्तर 146.10 मीटर है और करीब दो मीटर वृद्धि का अनुमान है,

हालांकि इसके खतरे के निशान 148.80 मीटर से नीचे रहने की संभावना जताई गई है। डीएम ने लोगों से नदी किनारे न जाने, बच्चों व मवेशियों को सुरक्षित रखने और अफवाहों से बचने की अपील की। आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबरों पर संपर्क करने को कहा गया है।