कुशीनगर में पकड़ी गई सरकारी राशन से भरी गाड़ी, देवरिया से लाए जा रहे सीलबंद बोरों की जांच शुरू
उप्र के कुशीनगर जनपद के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रविंद्रनगर धूस थाना पुलिस ने सरकारी राशन से भरी एक संदिग्ध डीसीएम गाड़ी को पकड़ लिया।
कुशीनगर से प्रदीप यादव की रिपोर्ट
कुशीनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के कुशीनगर जनपद के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत रविंद्रनगर धूस थाना पुलिस ने सरकारी राशन से भरी एक संदिग्ध डीसीएम गाड़ी को पकड़ लिया।
वाहन में सरकारी सील लगे राशन के बोरे मिले हैं, जिन्हें कथित तौर पर देवरिया से कुशीनगर लाया जा रहा था। मामले की सूचना मिलते ही खाद्य एवं रसद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, नाकाबंदी के दौरान रविंद्र नगर धूस थाना क्षेत्र स्थित जानकी नगर पेट्रोल पंप के पास डीसीएम को रोककर चालक सहित वाहन को हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में वाहन में सरकारी सील लगे राशन के बोरे पाए गए, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई।
क्षेत्रीय खाद्य एवं रसद विभाग के एआरओ राजीव कुमार ने बताया कि वाहन में सरकारी सीलबंद राशन मिला है। यह राशन किस ठेकेदार के लिए, किस अनुमति के आधार पर और किस उद्देश्य से देवरिया से कुशीनगर लाया जा रहा था, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
कसया एसडीएम संतराम बघेल के नेतृत्व में पड़रौना के सप्लाई इंस्पेक्टर राजू श्रीवास्तव और विशुनपुरा के सप्लाई इंस्पेक्टर अरविंद मद्धेशिया जांच में जुटे हैं। अधिकारी परिवहन से जुड़े दस्तावेजों और राशन के आवंटन की भी जांच कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस और खाद्य एवं रसद विभाग की संयुक्त टीम पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि राशन का परिवहन नियमानुसार किया जा रहा था या इसमें किसी प्रकार की अनियमितता हुई है। यदि जांच में गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


