चलती रोडवेज बस पर पथराव, बोलेरो व बाइक सवारों ने किया हमला; ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं सवारियां

बोलेरो और बाइक सवार लोगों ने करीब 2 किलोमीटर तक बस का पीछा किया और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला किया।

चलती रोडवेज बस पर पथराव, बोलेरो व बाइक सवारों ने किया हमला; ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं सवारियां
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —

फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। जनपद के थाना कमालगंज क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती रोडवेज बस पर बोलेरो और बाइक सवार लोगों ने जमकर पथराव कर दिया। इस हमले में बस के शीशे टूट गए और चालक व कंडक्टर घायल हो गए, जबकि बस में सवार करीब 20 यात्रियों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, लीडर रोड डिपो की रोडवेज बस कानपुर से हल्द्वानी जा रही थी। रास्ते में एक बारात के दौरान बस से एक बच्चे के हल्के से छू जाने की बात सामने आई, जिसके बाद बारातियों ने आक्रोशित होकर बस का पीछा करना शुरू कर दिया।

आरोप है कि बोलेरो और बाइक सवार लोगों ने करीब 2 किलोमीटर तक बस का पीछा किया और लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला किया। पथराव में बस के कई शीशे टूट गए और वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इस दौरान चालक और कंडक्टर को भी चोटें आईं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बस चालक ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी तरह बस को तेजी से भगाया और सवारियों की जान बचाई। बाद में बस को सुरक्षित थाने के सामने लाकर रोका गया, जहां यात्रियों ने राहत की सांस ली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर सड़कों पर बढ़ती अराजकता और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।