देवर ने भाभी की कुल्हाड़ी से हत्या, पैसों के विवाद में सनसनीखेज वारदात
32 वर्षीय आरती देवी, निवासी धर्मपुर गांव, को उसके देवर ने पहले हाथ-पैर रस्सी से बांध दिया और फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।
बहराइच से रिजवान खान की रिपोर्ट —
बहराइच/जनमत न्यूज। जनपद के कोतवाली मूर्तिहा क्षेत्र के धर्मपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक देवर ने अपनी ही भाभी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय आरती देवी, निवासी धर्मपुर गांव, को उसके देवर ने पहले हाथ-पैर रस्सी से बांध दिया और फिर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।
बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पूर्व महिला के पति की सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी। हाल ही में दुर्घटना क्लेम के रूप में कुछ धनराशि महिला के खाते में आई थी। आरोप है कि देवर लगातार उस पैसे की मांग कर रहा था, लेकिन महिला द्वारा इनकार करने पर उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दे डाला।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस निर्मम हत्या ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है और क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।

Janmat News 
