चन्दौली: युवती ने युवक को सड़क पर जड़े थप्पड़, स्ट्रॉली बैग टकराने पर छेड़खानी का आरोप; वीडियो वायरल
उप्र के चन्दौली जनपद के पीडीडीयू नगर में एक युवक को युवती द्वारा सरेआम थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद के पीडीडीयू नगर में एक युवक को युवती द्वारा सरेआम थप्पड़ मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में जीटी रोड स्थित काली मंदिर के सामने हुई, जहां एक स्ट्रॉली बैग टकराने के बाद युवती ने युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना वीआईपी गेट के सामने बताई जा रही है। बिहार से एक युवक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पीडीडीयू जंक्शन पहुंचा था। स्टेशन से बाहर निकलने के बाद वह जीटी रोड पर ई-रिक्शा का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान उसके हाथ में मौजूद स्ट्रॉली बैग सड़क पर बने गड्ढों के कारण लड़खड़ा गया और वहां से गुजर रही एक युवती के पैर से टकरा गया। बैग टकराते ही युवती भड़क गई और उसने युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए उसे एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए।
युवती ने युवक को नाखून से खरोंच भी दिया और उसे थाने में बंद कराने की धमकी देने लगी। इस अचानक हुई घटना से युवक कुछ देर तक समझ ही नहीं पाया कि आखिर हुआ क्या है।
मौके पर तैनात यातायात पुलिस और मुगलसराय कोतवाली के पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभाला। उन्होंने युवक को युवती से अलग कराया और मामला शांत कराया। युवती खुद को महिला बताते हुए सख्ती से धमकाती रही और कुछ देर बाद वहां से चली गई।
मुगलसराय कोतवाली थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि यह वीडियो उनके संज्ञान में है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

Janmat News 
