भदोही में गैंगस्टर कार्रवाई पर पलटा DM कोर्ट का फैसला, कुर्क ईंट भट्टा और वाहन बहाल
उप्र के भदोही जनपद में गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई सख्त कार्रवाई पर अब बड़ा प्रशासनिक मोड़ सामने आया है। जिलाधिकारी भदोही शैलेश कुमार की अदालत ने सोमवार को अहम फैसला सुनाते हुए बीते महीने की गई कुर्की की कार्रवाई को निरस्त कर दिया और ईंट भट्टा समेत जब्त किए गए वाहनों को बहाल करने का आदेश दे दिया।
भदोही से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट
भदोही/जनमत न्यूज़। उप्र के भदोही जनपद में गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई सख्त कार्रवाई पर अब बड़ा प्रशासनिक मोड़ सामने आया है। जिलाधिकारी भदोही शैलेश कुमार की अदालत ने सोमवार को अहम फैसला सुनाते हुए बीते महीने की गई कुर्की की कार्रवाई को निरस्त कर दिया और ईंट भट्टा समेत जब्त किए गए वाहनों को बहाल करने का आदेश दे दिया।
यह निर्णय माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में लिया गया, जिससे मामले में नया घटनाक्रम जुड़ गया है। बताया जाता है कि कोइरौना थाना क्षेत्र के बारीपुर निवासी रुद्रपति दूबे समेत अन्य लोगों के खिलाफ 13 मार्च को विभिन्न मामलों को आधार बनाते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।
प्रशासन के निर्देश पर पुलिस ने फुलवरिया स्थित “त्रिपति ईंट उद्योग” के नाम से संचालित ईंट भट्टा, जेसीबी मशीन और अन्य वाहनों को कुर्क कर लिया था। उस समय इस कार्रवाई को कानून-व्यवस्था के लिहाज से बड़ी सख्ती के तौर पर देखा गया था।
इस कार्रवाई के खिलाफ रुद्रपति दूबे ने माननीय उच्च न्यायालय में अपील दायर की। सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी भदोही को निर्देशित किया कि दोनों पक्षों को सुनकर उचित निर्णय लिया जाए।
इसके बाद 16 अप्रैल को जिलाधिकारी न्यायालय में दोनों पक्षों की विस्तृत सुनवाई हुई, जिसमें सभी तथ्यों और दस्तावेजों को ध्यान से परखा गया। सुनवाई के उपरांत सोमवार को जिलाधिकारी न्यायालय ने पूर्व में की गई गैंगस्टर कार्रवाई पर रोक लगाते हुए कुर्क संपत्तियों को बहाल करने का आदेश जारी कर दिया।
इस फैसले से संबंधित पक्ष को बड़ी राहत मिली है, वहीं प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। फैसला आने के बाद रुद्रपति दूबे उर्फ श्रवण, राजबिहारी मिश्रा, दुर्गा प्रसाद पाण्डेय, बृजेश पाण्डेय,
दीपक दूबे, अजय दूबे, नम्रता पाण्डेय और श्रीश त्रिपाठी सहित कई लोगों ने जिलाधिकारी के प्रति आभार जताया। क्षेत्र में इस फैसले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोग इसे बड़ी राहत के तौर पर देख रहे हैं।

Janmat News 
