मुजफ्फरनगर: फिर जांच के दायरे में न्यू लाइफ हॉस्पिटल, एक सप्ताह में दूसरी बार छापा
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में रुड़की रोड स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की जांच के दायरे में आ गया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में रुड़की रोड स्थित न्यू लाइफ हॉस्पिटल एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की जांच के दायरे में आ गया है।
खास बात यह है कि करीब तीन दिन पहले ही अस्पताल की सील खोली गई थी, जिसके बाद अब एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की टीम ACMO डॉक्टर महक सिंह व ACMO डॉक्टर अजय कुमार एवं डॉक्टर टीम द्वारा अस्पताल पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
इस बार जांच का केंद्र फायर एनओसी को बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार टीम द्वारा अस्पताल में फायर सुरक्षा से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई और फायर एनओसी को लेकर जानकारी जुटाई गई।
सूत्र यह भी दावा कर रहे हैं कि जांच के दौरान फायर एनओसी उपलब्ध नहीं मिली। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने से अस्पताल की व्यवस्थाओं और आवश्यक दस्तावेजों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जब कुछ दिन पहले ही अस्पताल की सील खोली गई थी तो क्या उस समय सभी जरूरी दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच पूरी कर ली गई थी?
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच-पड़ताल जारी है और यदि फायर एनओसी नहीं मिलती या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग की जांच में क्या सामने आता है और अस्पताल प्रबंधन द्वारा फायर सुरक्षा से संबंधित कौन-कौन से दस्तावेज प्रस्तुत किए जाते हैं।




