गंगा एक्सप्रेसवे पर बनी हवाई पट्टी पर वायुसेना के राफेल, सुखोई और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों ने किया टचडाउन
वायुसेना ने शक्ति प्रदर्शन किया। शाहजहांपुर के जलालाबाद में बनाई गई हवाई पट्टी पर राफेल, जगुआर और सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों ने टचडाउन किया।
शाहजहांपुर/जनमत। भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच गंगा एक्सप्रेस—वे पर शुक्रवार को वायुसेना ने शक्ति प्रदर्शन किया। शाहजहांपुर के जलालाबाद में बनाई गई हवाई पट्टी पर राफेल, जगुआर और सुखोई जैसे लड़ाकू विमानों ने टचडाउन किया। इससे पहले दोपहर करीब 12 बजकर 41 मिनट पर वायुसेना का AN-32 विमान आया। विमान ने करीब पांच मिनट तक चक्कर लगाए। इसके बाद हवाई पट्टी पर लैंडिंग की गई। करीब एक बजे यह विमान यहां से टेकऑफ कर गया। हवाई पट्टी पर वायुसेना के हेलिकॉप्टर भी उतरे।
गंगा एक्सप्रेस—वे पर दोपहर को करीब दो घंटे तक एयर शो हुआ। आसमान में उड़ान भरते लड़ाकू विमानों को देखकर वहां मौजूद स्कूली बच्चे व लोग रोमांचित हो गए। रात में करीब नौ बजे से हवाई पट्टी पर लड़ाकू विमानों की लैंडिंग शुरू हुई। देश में ऐसा पहली बार हुआ, जब किसी एक्सप्रेस—वे पर लड़ाकू विमानों की नाइट लैंडिंग हुई। इस दौरान कटरा-जलालाबाद हाईवे तीन घंटे तक पूरी तरह से बंद रहा।
बतादें कि हवाई पट्टी पर लड़ाकू विमानों की लैंडिंग से पहले शाहजहांपुर में आंधी के साथ बारिश हुई। तो जलालाबाद में मौसम खुशगवार हो गया। घने बदल मंडराते रहे और तेज हवा चलने से धूल के गुबार उठते रहे। मौसम बिगड़ने और बारिश की आशंका के चलते एकबारगी एयर शो और विमानों की लैंडिंग का कार्यक्रम स्थगित होने की भी चर्चा रही लेकिन मौसम अनुकूल होने पर लैंडिंग की तैयारियों को अंतिम रूप देने में पुलिस प्रशासन जुटा रहा। मौसम अनुकूल बनने पर एयर शो शुरू हुआ।

Janmat News 
