फर्रुखाबाद: कुल्हाड़ी से सिर में चोट लगने से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, बेटे द्वारा वार करने की चर्चा
उप्र के फर्रुखाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गाड़ी अब्दुल मजीद में 50 वर्षीय मोहम्मद अहमद की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके सिर में कुल्हाड़ी से गंभीर चोट लगी थी।
फर्रुखाबाद से वरुण दुबे की रिपोर्ट
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फर्रुखाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गाड़ी अब्दुल मजीद में 50 वर्षीय मोहम्मद अहमद की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनके सिर में कुल्हाड़ी से गंभीर चोट लगी थी।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौके से वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। पूरा मामला फर्रुखाबाद कोतवाली क्षेत्र की घोड़ा नखास चौकी के अंतर्गत मोहल्ला गाड़ी अब्दुल मजीद का है।
यहां रहने वाले मोहम्मद अहमद को सिर में गंभीर चोट लगने के बाद परिजन नाला स्थित ब्रह्मदत्त द्विवेदी अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां मंगलवार देर शाम उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक परिजनों के मुताबिक, वह अपने 24 वर्षीय बड़े बेटे मोहम्मद अली के लिए दवा लेने डॉक्टर के पास गई थीं। उनका कहना है कि मोहम्मद अहमद घर में कुल्हाड़ी से लकड़ी काट रहे थे, तभी उनके सिर में चोट लग गई।
वहीं, मोहल्ले में चर्चा है कि किसी बात को लेकर बड़े बेटे ने पिता पर कुल्हाड़ी से वार किया था। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, अभी किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। मामले की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



