मुजफ्फरनगर: अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट विवाद में डीएम उमेश मिश्रा ने लिया संज्ञान, सीएमओ से सात दिन में मांगा जवाब
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के जानसठ क्षेत्र में रॉयल और मनोकामना अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच रिपोर्टों में कथित अंतर का मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने संज्ञान लिया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के जानसठ क्षेत्र में रॉयल और मनोकामना अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच रिपोर्टों में कथित अंतर का मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया से सात दिन के भीतर जवाब मांगा है।
मामले में एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि रॉयल अल्ट्रासाउंड सेंटर की रिपोर्ट में दोनों किडनी में पथरी और फैटी लिवर ग्रेड-2 बताया गया, जबकि करीब एक घंटे बाद मनोकामना अल्ट्रासाउंड सेंटर से कराई गई दूसरी जांच में सब सामान्य बताया गया। दोनों रिपोर्टों में कथित अंतर को लेकर पीड़ित ने शासन और संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
जिलाधिकारी द्वारा संज्ञान लिए जाने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की जांच और जवाब पर नजरें टिकी हैं। शिकायतकर्ता ने दोनों केंद्रों के पंजीकरण, जांच करने वाले व्यक्तियों की योग्यता और रिपोर्टों में अंतर के कारणों की जांच कराने की मांग की है।
अब देखना होगा कि सीएमओ की ओर से निर्धारित समय में क्या जवाब दिया जाता है और जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं। फिलहाल संबंधित अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।



