सीतापुर में शातिर चोरों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार; तमंचा-कारतूस समेत चोरी के जेवर बरामद

उप्र के सीतापुर जनपद की सकरन पुलिस ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।

सीतापुर में शातिर चोरों पर पुलिस का शिकंजा, दो गिरफ्तार; तमंचा-कारतूस समेत चोरी के जेवर बरामद
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पांडेय की रिपोर्ट

सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद की सकरन पुलिस ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की नाक की बेसर, 9 जोड़ी से अधिक पायल, 14 बिछुए, 12 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमाकांत पुत्र मनोहर और अवधेश उर्फ अवधराम पुत्र रामखेलावन, निवासी ग्राम जालिमपुर, थाना सकरन के रूप में हुई है। दोनों को सोहरिया उमरा तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर 5 सितंबर को गजनीपुर और 7 सितंबर को रसूलपुर हरदोपट्टी गांव में घरों में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, रमाकांत के खिलाफ सीतापुर और राजस्थान में चोरी, नकबजनी समेत विभिन्न मामलों में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

वहीं, अवधेश के खिलाफ सीतापुर और बाराबंकी में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिसवां के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना सकरन के उपनिरीक्षक मो. तसव्वर, अरुण कुमार उपाध्याय समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।