चन्दौली: हिंसक झड़प में बदला मामूली विवाद, हाईवा चालक से मारपीट; पथराव व रुपए छीनने का आरोप
उप्र के चंदौली जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र में साइड लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चंदौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चंदौली जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र में साइड लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया।
पेट्रोल पंप पर घेरकर मारा
बताया जा रहा है कि नवही पुलिया के पास हाईवा चालक और ऑटो चालक के बीच साइड लेने को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मामला लगातार बढ़ता चला गया।
आरोप है कि विवाद के बाद ऑटो चालक के कुछ साथियों ने विशुनपुरा पेट्रोल पंप के पास हाईवा चालक को घेर लिया और उसके साथ जमकर मारपीट की।
49 हजार रुपये छीनने का आरोप
इस दौरान पथराव किए जाने की भी बात सामने आई है। पीड़ित हाईवा चालक ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उससे करीब 49 हजार रुपये भी छीन लिए गए। चालक के कपड़े फट गए और शरीर पर चोट के निशान हैं।
लगाई न्याय की गुहार
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह जान बचाकर हाईवा चालक थाने पहुंचा और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पीड़ित ने तहरीर देकर ऑटो चालक और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। शहाबगंज थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम घटना स्थल की पड़ताल करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर आए दिन होने वाले ऐसे विवादों पर रोक लगाने की मांग की है।

Janmat News 
