रायबरेली में 25 हजार का इनामी गैंगस्टर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
आरोपी के खिलाफ बाराबंकी और रायबरेली जनपदों में गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
रायबरेली से महाताब खान की रिपोर्ट —
रायबरेली/जनमत न्यूज। जनपद रायबरेली के हरचंदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित गैंगस्टर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार तड़के लगभग तीन बजे हरचंदपुर पुलिस टीम हिलगी पुलिया के पास रायबरेली-महराजगंज शारदा नहर रोड पर संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वह भागने लगा और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी राजू (35) निवासी गदिया, कोतवाली नगर जनपद बाराबंकी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर में भर्ती कराया गया।
पूछताछ के दौरान पता चला कि गिरफ्तार आरोपी थाना हरचंदपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में 25 हजार रुपये का इनामी वांछित था। उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बाराबंकी और रायबरेली जनपदों में गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Janmat News 
