अलीगढ़ में संदिग्ध आग से प्रेमी की मौत, महिला गंभीर
फरमान पूर्व में नाजरीन के पति वसीम के कारखाने में कार्य करता था, लेकिन दो वर्ष पूर्व उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज। जनपद के ऊपरकोट कोतवाली क्षेत्र स्थित तुर्कमान गेट इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर के भीतर प्रेमी फरमान और शादीशुदा महिला नाजरीन संदिग्ध परिस्थितियों में जले हुए पाए गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से झुलसे फरमान की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि नाजरीन को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरमान पूर्व में नाजरीन के पति वसीम के कारखाने में कार्य करता था, लेकिन दो वर्ष पूर्व उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। परिजनों के मुताबिक घटना के समय घर के सदस्य सुबह करीब चार बजे नमाज के लिए मस्जिद गए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान फरमान घर पहुंचा और आग लग गई, जिसमें दोनों बुरी तरह झुलस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने फरमान को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत नाजुक होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या, हादसा या अन्य किसी साजिश समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। क्षेत्र में एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि 23 फरवरी 2026 को शाम करीब 7 बजे तुर्कमान गेट चौकी क्षेत्र से सूचना मिली थी कि वसीम के घर में दो लोग झुलस गए हैं। पुलिस ने तत्काल पहुंचकर घायलों को अस्पताल भेजा। प्रथम दृष्टया मौके पर किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हुई है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन जारी है।

Janmat News 
