औरैया: खाली खेत में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

उप्र के औरैया जनपद के एरवा कटरा थाना क्षेत्र के उमरैन कस्बे में रमपुरा रोड के पास गुरुवार सुबह एक खेत में 36 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

औरैया: खाली खेत में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के एरवा कटरा थाना क्षेत्र के उमरैन कस्बे में रमपुरा रोड के पास गुरुवार सुबह एक खेत में 36 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 9 बजे उमरैन के कुछ किसान जानवर चराने गए थे। रमपुरा रोड के समीप बृजेश शाक्य के खाली पड़े खेत में उन्हें एक शव पड़ा मिला। किसानों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। 

मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त उमरैन निवासी शिवरतन उर्फ करिया बाथम पुत्र स्व. कृपाल बाथम उम्र 36 वर्ष के रूप में की। मृतक पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था और अविवाहित था। 

मृतक की मां ज्ञानवती ने मौके पर रोते हुए अपने बेटे की हत्या कर शव को खेत में फेंके जाने की आशंका जताई। वहीं सबसे छोटे भाई शीलू बाथम ने मृत्यु का सही कारण जानने के लिए पुलिस को पोस्टमार्टम कराने का प्रार्थना पत्र दिया। 

परिजनों ने बताया कि शिवरतन बिधूना से दिल्ली जाने वाली स्लीपर बस में हेल्पर का काम करता था। वह करीब 5 दिन पहले 28 जून को घर वापस आया था। उसी दिन दोपहर को नहाने के बाद वह गांव में चला गया और देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों को लगा कि वह शाम को दिल्ली जाने वाली बस में ड्यूटी पर चला गया होगा। 

शव बुरी तरह फूला हुआ था और उससे तेज बदबू आ रही थी, जिससे लोग पास जाने से कतरा रहे थे। शव की स्थिति देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि मृत्यु करीब चार-पांच दिन पहले हुई होगी।

प्रभारी थाना इंचार्ज उपनिरीक्षक विमल सिंह ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।