यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में विधायक राजा भैया का अचूक निशाना, जीता कांस्य पदक
उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की कुंडा विधानसभा क्षेत्र से बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/ नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की कुंडा विधानसभा क्षेत्र से बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है। उन्होंने एस-25 क्ले पिजन ट्रैप शूटिंग (एनआर) में 25 पॉइंट का स्कोर बनाया।
नई दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 21 से 30 जून तक चैंपियनशिप आयोजित हुई थी। राजा भैया ने प्रतियोगी संख्या 71 के रूप में भाग लिया था। बुधवार को इसका परिणाम घोषित हुआ। उनकी शूटिंग का वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह निशाना लगाते दिख रहे हैं। राजा भैया हथियारों के शौकीन हैं।
पिछले साल दशहरे के मौके पर उन्होंने अपने 200 से ज्यादा हथियारों के जखीरे को दिखाया था। राजा भैया प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से 7वीं बार विधायक हैं। उन्होंने अपनी पार्टी जनसत्ता दल बनाई है। जिसके वे राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं।
राजा भैया राइफल एसोसिएशन के लाइफ टाइम मेंबर हैं। राजा भैया नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के लाइफटाइम मेंबर हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके पिता उदय प्रताप सिंह भी शूटर रहे हैं। उन्हीं से प्रेरित होकर शूटिंग शुरू की।
हर साल दशहरे के मौके पर राजा भैया अपने शस्त्रागार में रखे हथियारों की पूजा करते हैं। पिछले साल दशहरे पर उनके शस्त्र पूजन का वीडियो भी सामने आया था। इसमें टेबल पर 200 से ज्यादा देशी-विदेशी हथियार सजे दिखाई दिए थे।
इनमें पिस्टल, रिवॉल्वर, 12 बोर की बंदूक, राइफल और थर्टी कार्बाइन शामिल थीं। शस्त्र पूजन के दौरान राजा भैया ने कहा था-ये सभी शस्त्र हमारे हैं। जो हमारा है, वह समर्थकों का है और जो समर्थकों का है, वह हमारा है।


