कानपुर देहात पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव, कहा- बीजेपी के लोग सिर्फ झूठ बोलते हैं
उप्र के कानपुर देहात जनपद पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला बोला।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। उप्र के कानपुर देहात जनपद पहुंचे सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला बोला।
सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे शिवपाल सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर पलटवार करते हुए रोजगार के मुद्दे पर जमकर घेरा। साथ ही ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर बड़ा बयान देते हुए दावा किया कि इससे सपा और इंडिया गठबंधन को ही फायदा होगा।
शिवपाल सिंह यादव ने सिकंदरा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शिरकत की, जहां सपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिवपाल सिंह ने भाजपा पर तीखे प्रहार किए। बीजेपी के दो दिवसीय शिविर पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं, ऐसे में यह कोई नई बात नहीं है, सब अपनी रणनीति बना रहे हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा युवाओं को रोजगार देने के दावों पर कड़ा तंज कसते हुए शिवपाल ने कहा कि जो सरकार पिछले 10 सालों में युवाओं को रोजगार नहीं दे पाई, वह अब क्या देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग सिर्फ झूठ बोलते हैं।
मुख्यमंत्री द्वारा सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर दिए गए हालिया बयान की भी शिवपाल यादव ने कड़ी निंदा की। 2027 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा के गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस पर दोनों पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलकर उचित फैसला लेंगे।
वहीं, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के चंद्रशेखर के बीच हुए नए राजनीतिक गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल सिंह ने दावा किया कि इस गठबंधन का 2027 के चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा, बल्कि इससे उल्टा समाजवादी पार्टी और 'इंडिया' गठबंधन को ही फायदा पहुंचेगा।



