मथुरा: एसपी ट्रैफिक के पेशकार ने सरकारी पिस्टल से खुद को मारी गोली, मौत
उप्र के मथुरा जनपद में गोकुल बैराज के पास गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एसपी ट्रैफिक के पेशकार पद पर तैनात दारोगा ने सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
मथुरा से सैयद जाहिद की रिपोर्ट
मथुरा/जनमत न्यूज़। उप्र के मथुरा जनपद में गोकुल बैराज के पास गुरुवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एसपी ट्रैफिक के पेशकार पद पर तैनात दारोगा ने सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। माथे में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान दारोगा पंकज यादव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह मूल रूप से एटा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं और वर्तमान में मथुरा में एसपी ट्रैफिक के पेशकार के पद पर तैनात थे।
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब पौने चार बजे पंकज यादव गोकुल बैराज के पास मौजूद थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से संबंधित साक्ष्य जुटाने के साथ ही घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। दारोगा पंकज यादव ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




