मुजफ्फरनगर: खतौली में दो किन्नर गुटों में जमकर मारपीट, ढाई लाख रुपये व जेवर लूटने का आरोप; मुकदमा दर्ज

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली थाना क्षेत्र में जीटी रोड स्थित सेंट्रल बैंक के पास दो किन्नर गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट और लूट की गंभीर घटना सामने आई है।

मुजफ्फरनगर: खतौली में दो किन्नर गुटों में जमकर मारपीट, ढाई लाख रुपये व जेवर लूटने का आरोप; मुकदमा दर्ज
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली थाना क्षेत्र में जीटी रोड स्थित सेंट्रल बैंक के पास दो किन्नर गुटों के बीच विवाद के बाद मारपीट और लूट की गंभीर घटना सामने आई है। घटना 24 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पीड़िता प्रीति किन्नर ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि सुलेन्द्र उर्फ मुस्कान पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम नावला अपने साथियों नाजिम, पलक, सपना, लवली व 4-5 अन्य लोगों के साथ पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया। 

2.50 लाख रुपये छीनने का आरोप

तहरीर के अनुसार, हमलावरों ने पर्स छीन लिया, जिसमें बधाई के 2.50 लाख रुपये नकद थे। साथ ही गले की सोने की चेन और कानों के कुंडल भी छीन लिए गए। आरोप है कि कुंडल खींचने से पीड़िता के कान फट गए। इतना ही नहीं दबंगो ने बीच-बचाव करने वालों से भी जमकर मारपीट किये जाने की बात सामने आई है।

पीड़िता प्रीति किन्नर का कहना है कि जब अन्य किन्नर बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

अभी भी जिला अस्पताल में भर्ती

मारपीट में गंभीर घायल प्रीति किन्नर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। अन्य घायलों का भी मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

थाना पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। घायल पीड़ित प्रीति किन्नर में बताया कि हमले की घटना का अंदेशा होने के चलते उन्होंने घटना से दो दिन पहले ही जिला प्रशासन को लिखित शिकायत पत्र देते हुए अवगत कराया था।

मगर दबंगों ने पुलिस प्रशासन की शक्ति को चुनौती देते हुए एक निहत्था किन्नरों के ग्रुप पर जानलेवा हमला बोलते हुए नकदी और जेवरात छिनने की बात सामने आई है। जिसको लेकर पुलिस ने गंभीर धाराओं मे मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपियों की गिरफ़्तारी को लेकर दबिश तेज कर दीं है।