प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का खुलासा, महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार

मृतक का मुख्य आरोपी की बेटी से पिछले ढाई वर्षों से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हो चुका था। इसी रंजिश में आरोपियों ने साजिश रचकर युवक की हत्या कर दी।

प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या का खुलासा, महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा / जनमत न्यूज। एटा पुलिस ने कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गदनपुर गांव निवासी 25 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा करते हुए महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गदनपुर निवासी पवन पुत्र अमरपाल 13 अप्रैल को अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने कोतवाली देहात में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए गांव के ही कुछ लोगों पर अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडे ने बताया कि युवक को उसकी प्रेमिका के मोबाइल से टेलीग्राम मैसेज कर बुलाया गया था।

आरोप है कि मुख्य आरोपी प्रमोद, उसके बेटे मोहित, पत्नी तथा भाई रविंद्र ने मिलकर युवक को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद शव को ट्रक में लादकर मैनपुरी जनपद के शिकोहाबाद रोड पर फेंक दिया गया, जहां पुलिस ने अज्ञात शव के रूप में बरामद कर अंतिम संस्कार कर दिया था।

जांच में सामने आया कि मृतक का मुख्य आरोपी की बेटी से पिछले ढाई वर्षों से प्रेम संबंध था, जिसे लेकर दोनों पक्षों में पहले भी विवाद हो चुका था। इसी रंजिश में आरोपियों ने साजिश रचकर युवक की हत्या कर दी।

पुलिस ने रविंद्र पुत्र अनार सिंह, प्रमोद पुत्र अनार सिंह और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पवार, स्वाट टीम प्रभारी श्रवण कुमार निगम तथा सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।