संभल में प्रधान पति ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर की आत्महत्या, कमरे में खून से लथपथ मिला शव
उप्र के संभल जनपद के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के तरकारी गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है, यहां ग्राम प्रधान के पति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के तरकारी गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है, यहां ग्राम प्रधान के पति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
गोली लगने से 44 वर्षीय पुष्पेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जनाकारी के अनुसार संभल के गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के तरकारी गांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार सोमवार रात करीब 9:30 बजे अपने घर पहुंचे। घर पहुंचने के बाद वह सीधे अपने कमरे में चले गए। उस समय उनकी पत्नी रूबी रसोई में मौजूद थीं।
इसी दौरान अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली की आवाज सुनकर पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य घबराकर कमरे की ओर दौड़े। जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो पुष्पेंद्र कुमार खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़े हुए थे। गोली उनके कान के पास लगी थी।
यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजन तत्काल घायल पुष्पेंद्र कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि पुष्पेंद्र कुमार की शादी करीब नौ साल पहले हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं। उनकी पत्नी रूबी गांव की ग्राम प्रधान हैं। घटना के समय पत्नी घर की रसोई में थीं।
पत्नी ने पुलिस को बताया कि उनके पति रात करीब 9:30 बजे घर पहुंचे थे और कमरे में चले गए थे। कुछ देर बाद उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब वह कमरे में पहुंचीं तो पति खून से लथपथ हालत में पड़े हुए थे। घटना की सूचना मिलने पर गुन्नौर के क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा और थाना प्रभारी संजय कुमार पुलिस बल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। गुन्नौर क्षेत्राधिकारी अंकित मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुष्पेंद्र कुमार ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी है।
पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



