औरैया: नशीला पदार्थ पिलाकर ट्रक चालकों को लूटने वाला शातिर गिरफ्तार, नकदी समेत कार व अन्य सामान बरामद
उप्र के औरैया जनपद की थाना अजीतमल पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर ट्रक चालकों से चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद की थाना अजीतमल पुलिस ने नशीला पदार्थ पिलाकर ट्रक चालकों से चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट डिजायर कार तथा नशीली दवा की गोलियां बरामद की हैं।
पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी अजीतमल के निकट पर्यवेक्षण में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
थाना अजीतमल पुलिस ने मुकदमा संख्या 309/26 में सफल अनावरण करते हुए आरोपी सुनील कुमार शर्मा पुत्र राममनोहर, निवासी ग्राम सिकौला थाना जसपुरा जनपद बांदा (हाल पता- 761 आई ब्लॉक, गुजैनी, बर्रा, कानपुर नगर) को गिरफ्तार किया।
होटल कर्मचारी बनकर दिया नशीला पानी
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई 2026 को मैनपुरी निवासी ट्रक चालक आदेश कुमार और सर्वेश कुमार अपने-अपने ट्रकों से हाईवे स्थित सुंदरम होटल, बाबरपुर-अजीतमल पर भोजन करने के लिए रुके थे।
इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बिना नंबर की कार से आया और होटल कर्मचारी होने का आभास कराते हुए उनके पास पानी का जग रख गया। भोजन और पानी पीने के कुछ देर बाद दोनों चालकों को बेहोशी महसूस हुई और वे अपने-अपने ट्रकों में जाकर सो गए।
जब दोनों को होश आया तो उनकी जेबों में रखी ट्रकों की कुल लगभग ₹62 हजार की नकदी गायब थी। पीड़ितों की तहरीर पर थाना अजीतमल में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
सर्विस रोड से दबोचा गया आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने 29 जुलाई को मधुवन ढाबा के सामने इटावा से औरैया की ओर जाने वाली सर्विस रोड के किनारे से आरोपी सुनील कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी भी की गई।
आरोपी से बरामद सामान
₹20,170 नकद
2 एटीएम कार्ड
1 आधार कार्ड
1 पैन कार्ड
2 मोबाइल फोन
1 स्विफ्ट डिजायर कार
अल्प्राजोलम (Alprazolam 0.50 mg) दवा का एक पत्ता
पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ जालौन, बांदा, हमीरपुर सहित विभिन्न जनपदों में नशीला पदार्थ देकर चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध अब अजीतमल थाने में भी बीएनएस की संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक संजीव कुमार तथा थाना अजीतमल पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


