संभल: मकान की छत पर आकाशीय बिजली गिरने से हादसा, मलबे में दबकर 11 वर्षीय बच्ची की मौत
उप्र के संभल जनपद में तेज हवा और भीषण बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। आकाशीय बिजली मकान की छत पर गिरने से छत ध्वस्त हो गई, जिससे घर में मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए।
संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में तेज हवा और भीषण बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। आकाशीय बिजली मकान की छत पर गिरने से छत ध्वस्त हो गई, जिससे घर में मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए।
स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पूरा मामला जनपद संभल के थाना जुनावई क्षेत्र के गांव काशीपुर का है। रविवार को तेज आंधी और भारी बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली मकान की छत पर गिरी, जिससे छत गिर गई। उस समय घर के अंदर परिवार के सदस्य सो रहे थे और तीन लोग मलबे में दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने दीपक और उनकी पत्नी रजनी को मलबे से बाहर निकाल लिया, लेकिन दीपक की 11 वर्षीय बहन रश्मि को निकालने में काफी समय लग गया। जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
परिजन रश्मि को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जुनावई लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक रश्मि कक्षा 5 की छात्रा थी और अपने परिवार में सबसे छोटी थी। परिवार में कुल आठ भाई-बहन हैं। पिता विजयपाल बाहर मजदूरी करते हैं, जबकि मां राजकुमारी देवी का दो वर्ष पहले निधन हो चुका है।
दीपक ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से छत गिर गई और वे सभी मलबे में दब गए थे। वह खुद किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन रश्मि को निकालने में देर हो गई और तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पड़ोसी कुमार पाल ने बताया कि लगभग तीन बजे तेज बारिश के दौरान अचानक बिजली कड़की, जिसके बाद मकान की छत गिर गई। चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन बच्ची को बचाया नहीं जा सका।
जुनावई थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से मकान की छत ढह गई, जिसमें तीन लोग मलबे में दब गए थे। इनमें से एक बच्ची की मौत हो गई है। परिजनों की सहमति से पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।

Janmat News 
