प्रतापगढ़: भाषा विवाद पर मोहम्मद कासिम का बड़ा ऐलान, अब खटखटाएंगे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा
महाराष्ट्र में भाषा को लेकर चल रहे विवाद के बीच उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के मोहम्मद कासिम ने प्रेस कांफ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया है।
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। महाराष्ट्र में भाषा को लेकर चल रहे विवाद के बीच उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के मोहम्मद कासिम ने प्रेस कांफ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया है। कासिम ने साफ कहा कि उनकी लड़ाई मराठी भाषा के खिलाफ नहीं, बल्कि भाषा के नाम पर गरीबों की रोजी-रोटी प्रभावित किए जाने के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि देश के संविधान में 22 भाषाओं को मान्यता दी गई है और वह सभी भाषाओं का सम्मान करते हैं।
कासिम के मुताबिक, दूसरे राज्यों से महाराष्ट्र पहुंचकर मेहनत-मजदूरी और टैक्सी-कैब चलाकर परिवार पालने वाले गरीब लोगों को सिर्फ भाषा के आधार पर परेशान नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी टैक्सी या कैब चालक का बैज, परमिट या लाइसेंस रद्द होने से उसके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है।
कासिम ने बताया कि इस मामले को लेकर हाईकोर्ट का रुख किया जा चुका है। अब अधिवक्ता विवेक शुक्ला के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि मामले में अंतिम फैसला कानून और मेरिट के आधार पर होना चाहिए।




