मुजफ्फरनगर: मेधावी छात्रा स्वाति बनीं एक दिन की महिला थाना प्रभारी, समझी पुलिस की कार्यप्रणाली
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेस-6.0 अभियान के अंतर्गत मुजफ्फरनगर महिला थाना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेस-6.0 अभियान के अंतर्गत मुजफ्फरनगर महिला थाना में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान प्राथमिक विद्यालय अलमासपुर की छात्राओं ने महिला थाने का भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। कार्यक्रम में मेधावी छात्रा स्वाति को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया।
महिला थानाध्यक्ष श्रीमती प्रीति चाहल एवं मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को थाने की व्यवस्थाओं, पुलिस की जिम्मेदारियों और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
एक दिन की थाना प्रभारी बनीं छात्रा स्वाति की उपस्थिति में जनसुनवाई भी की गई, जहां आमजन की समस्याएं सुनी गईं। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों, पुलिस सहायता सेवाओं और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा या किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में बिना भय के पुलिस से सहायता लेनी चाहिए।
इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने और अनजान व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी साझा न करने के बारे में भी जागरूक किया गया। छात्राओं को किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
मुजफ्फरनगर पुलिस का मिशन शक्ति फेस-6.0 अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक बनाने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सुरक्षा के प्रति सजग करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे कार्यक्रमों से छात्राओं को पुलिस व्यवस्था को समझने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने का अवसर मिल रहा है।



