सड़क सुरक्षा को लेकर मुजफ्फरनगर प्रशासन की पहल, रिफ्लेक्टर अभियान से दुर्घटनाओं की रोकथाम पर जोर

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर शासन-प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है।

सड़क सुरक्षा को लेकर मुजफ्फरनगर प्रशासन की पहल, रिफ्लेक्टर अभियान से दुर्घटनाओं की रोकथाम पर जोर
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर शासन-प्रशासन की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है।

उप्र शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय तथा पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के निर्देशन में वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की पहल की गई।

अभियान के तहत व्यावसायिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने के महत्व को प्रमुखता से बताया गया। रात के समय और कोहरे के दौरान सड़क पर वाहनों की दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगे होने से दूसरे चालकों को दूर से ही वाहन दिखाई देने में मदद मिलती है।

सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सक्रियता

जिला प्रशासन और यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करना भी है।

इस दिशा में जागरूकता अभियान के माध्यम से वाहन चालकों को सुरक्षा उपाय अपनाने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया जा रहा है।

इस अभियान में सूचना एवं प्रसारण विभाग के अपर जिला सूचना अधिकारी नर सिंह का भी सहयोग रहा। जनजागरूकता के माध्यम से सड़क सुरक्षा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

प्रशासन की ओर से वाहन चालकों से अपील की गई कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप रिफ्लेक्टर लगाएं, गति नियंत्रित रखें और रात तथा कोहरे में अतिरिक्त सावधानी बरतें।

शासन-प्रशासन, यातायात पुलिस और आमजन के साझा प्रयासों से सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने तथा अनमोल जीवन बचाने में मदद मिल सकती है।