प्रतापगढ़: ई-रिक्शा से भिड़ी बाइक, गर्भवती महिला व मासूम बेटे की मौत; एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की कुंडा कोतवाली क्षेत्र के चौसा के समीप गुरुवार को बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में गर्भवती महिला और उसके मासूम बेटे की मौत हो गई.

प्रतापगढ़: ई-रिक्शा से भिड़ी बाइक, गर्भवती महिला व मासूम बेटे की मौत; एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की कुंडा कोतवाली क्षेत्र के चौसा के समीप गुरुवार को बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में गर्भवती महिला और उसके मासूम बेटे की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोतनी गांव निवासी हरिश्चंद्र (26) पुत्र श्रीराम अपनी पत्नी बीनू और पुत्र युवराज के साथ बाइक से जा रहे थे। चौसा के पास उनकी बाइक की ई-रिक्शा से जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसे में हरिश्चंद्र की गर्भवती पत्नी बीनू और पुत्र युवराज गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि बीनू की डिलीवरी करीब पांच दिन बाद होनी थी।

हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।