प्रतापगढ़: कृष्ण जन्मोत्सव के लिए सजकर तैयार कृपालु धाम मनगढ़, 24 से ज्यादा झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को यादगार बनाने के लिए उप्र के प्रतापगढ़ जिले में स्थित कृपालु धाम मनगढ़ में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

प्रतापगढ़: कृष्ण जन्मोत्सव के लिए सजकर तैयार कृपालु धाम मनगढ़, 24 से ज्यादा झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को यादगार बनाने के लिए उप्र के प्रतापगढ़ जिले में स्थित कृपालु धाम मनगढ़ में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जगद्गुरु कृपालु परिषद की ओर से महीनों से सैकड़ों कारीगर भक्ति मंदिर परिसर, मनगढ़ गांव और आसपास के मार्गों को सजाने में जुटे हुए थे।

जन्मोत्सव के अवसर पर कृपालु धाम की भव्य विद्युत सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। भक्ति मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दूर से ही कृपालु धाम की आकर्षक विद्युत सजावट नजर आने लगेगी।

मुख्य प्रवेश द्वार से भक्ति मंदिर तक बनी गैलरी, पेड़-पौधों और पूरे परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। करीब दो किलोमीटर तक मार्ग को रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया गया है। झांकियों तक पहुंचने से पहले ही आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण का अहसास कराएगी। 24 से ज्यादा झांकियां रहेंगी

आकर्षण का केंद्र

जन्मोत्सव के लिए परिसर में 24 से अधिक झांकियां तैयार की गई हैं। इनमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है। श्रद्धालुओं के लिए झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

जन्मस्थान पर बना है भक्ति मंदिर

कृपालु धाम मनगढ़ में जन्मे जगद्गुरु कृपालुजी महाराज ने अपने जन्मस्थान पर भक्ति मंदिर का निर्माण कराया था। इसी भक्ति मंदिर में जगद्गुरु कृपालु परिषद के संयोजन में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

समारोह में शामिल होने और जन्मोत्सव की भव्य झलक देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष तैयारियां की गई हैं।