मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंचे अयोध्या; रामलला, हनुमानगढ़ी और कनक भवन में किया दर्शन-पूजन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रामनगरी अयोध्या का दौरा किया। उन्होंने रामलला मंदिर, हनुमानगढ़ी और कनक भवन में दर्शन-पूजन किया।

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंचे अयोध्या; रामलला, हनुमानगढ़ी और कनक भवन में किया दर्शन-पूजन
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रामनगरी अयोध्या का दौरा किया। उन्होंने रामलला मंदिर, हनुमानगढ़ी और कनक भवन में दर्शन-पूजन किया।

इस दौरान उनके साथ पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद निर्मल खत्री भी मौजूद रहे, जिनसे उन्होंने उनके आवास पर जाकर स्वास्थ्य की जानकारी ली। मीडिया से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि अयोध्या में रामलला के दर्शन की उनकी लंबे समय से इच्छा थी और राम मंदिर निर्माण में उनका भी छोटा-मोटा योगदान रहा है।

उन्होंने कहा, "जब रामलला ने बुलाया तब हम अयोध्या आ गए।" उन्होंने बताया कि कनक भवन मप्र के टीकमगढ़ महाराज का है, और वहां भी उन्होंने दर्शन किए।

अयोध्या के विकास पर पूछे गए सवाल पर सिंह ने कहा कि "एक-दो घंटे की यात्रा से कुछ पता नहीं लगता है, अयोध्या के लोग जानते हैं किसका क्या असर होगा।" उन्होंने निर्मल खत्री को अपना मित्र और भाई समान बताया।

ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच संभावित युद्ध से देश में ईंधन और गैस की किल्लत के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "भाजपा शासन में केवल लाइने नहीं लग रही हैं, लोग गरीब से गरीब होते जा रहे हैं और कुछ लोग अमीर से अमीर होते जा रहे हैं।"

उत्तर प्रदेश में होने वाले पंचायत चुनाव पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के विकेंद्रीकरण के पक्ष में कभी नहीं रही है, और उनसे ऐसी कोई उम्मीद नहीं की जा सकती।

उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों पर कोई टिप्पणी नहीं की और मत्स्य विभाग मंत्री संजय निषाद के रोने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।दिग्विजय सिंह निर्मल खत्री के आवास से बातचीत के बाद लखनऊ के लिए रवाना हो गए।