प्रतापगढ़ के थाना पट्टी के नवनिर्मित कार्यालय का एसपी ने किया उद्घाटन, पुलिसकर्मियों को दायित्वों के निर्वहन हेतु किया प्रेरित
प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट
प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार के साथ थाना पट्टी के नवनिर्मित कार्यालय का विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान थाना पट्टी पुलिस बल ने पुलिस अधीक्षक को ससम्मान सलामी दी।
उद्घाटन समारोह में स्थानीय नागरिकों एवं संभ्रांत व्यक्तियों ने एसपी दीपक भूकर को प्रतिमा, स्वास्तिक एवं कलश भेंट कर सम्मानित किया। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार को भी प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ स्थानीय नागरिक एवं संभ्रांत लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर एसपी दीपक भूकर ने कहा कि नवनिर्मित कार्यालय से पुलिस कार्यों का बेहतर एवं सुचारु संचालन होगा और आमजन को गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनसेवा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।




