मुज़फ्फरनगर: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का डीएम कार्यालय पर हल्ला बोल, योगी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

मानदेय बढ़ोतरी और सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुज़फ्फरनगर जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।

मुज़फ्फरनगर: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का डीएम कार्यालय पर हल्ला बोल, योगी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
Published By- Diwaker Mishra

मुज़फ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुज़फ्फरनगर/जनमत न्यूज़। मानदेय बढ़ोतरी और सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिए जाने जैसी प्रमुख मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मुज़फ्फरनगर जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया।

बड़ी संख्या में पहुंचीं कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि चुनाव के समय किए गए वादे आज तक पूरे नहीं किए गए हैं। प्रदर्शन कर रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे वर्षों से बाल विकास, पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी अहम जिम्मेदारियां निभा रही हैं, इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय पर काम करने को मजबूर किया जा रहा है।

कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि योगी सरकार ने मानदेय बढ़ाने और सरकारी नौकरी का दर्जा देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि अब वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित आदेश चाहती हैं।