भूमि विवाद के समाधान के लिए मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह का बुलंदशहर दौरा, परम डेयरी को मिला अधिकार
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने बुलंदशहर का दौरा किया और यहां चल रहे भूमि विवाद की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।

बुलंदशहर/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने शुक्रवार को बुलंदशहर का दौरा किया और यहां चल रहे भूमि विवाद की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण (बीकेडीए) और परम डेयरी के बीच 16 हेक्टेयर भूमि को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद इस बैठक के बाद सुलझ गया। मुख्य सचिव ने निरीक्षण और दस्तावेजी अध्ययन के बाद परम डेयरी के पक्ष को उचित मानते हुए निर्णय दिया।
मुख्य सचिव ने इस अवसर पर जिला प्रशासन, एनसीआर प्लानिंग बोर्ड, बीकेडीए सहित सभी विभागीय अधिकारियों के साथ गहन बैठक कर सभी पक्षों की बातें सुनीं। जांच और निरीक्षण के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि परम डेयरी की है और इसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद मुख्य सचिव सिकंदराबाद देहात की ग्राम पंचायत द्वारा नव निर्मित बुलंद कोल्ड स्टोरेज का भी निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने कोल्ड स्टोरेज के संचालन तथा ग्राम पंचायत द्वारा स्थापित वृद्धा आश्रम की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा की। कोल्ड स्टोरेज परिसर में उपस्थित अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने जन-हित में बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुकुंदगढ़ी स्थित कोल्ड स्टोरेज परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य सचिव समेत तमाम अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मेरठ ज़ोन के कमिश्नर ह्रषिकेश भास्कर यशोद, जिलाधिकारी श्रुति, एसएसपी दिनेश सिंह सहित तमाम प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।