जंतर-मंतर आंदोलन के समर्थन में हरदोई में युवाओं का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
उप्र के हरदोई जनपद में मंगलवार को युवाओं और छात्रों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में मंगलवार को युवाओं और छात्रों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में आयोजित किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की। युवा निरीक्षण भवन के सामने स्थित अंबेडकर पार्क में तख्तियां और बैनर लेकर एकत्र हुए।
यहां से उन्होंने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान “भारत माता की जय” और शिक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़े नारों के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई। बाद में युवाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री के कार्यकाल में राष्ट्रीय परीक्षाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। उन्होंने वर्ष 2024 में नीट-यूजी और यूजीसी-नेट परीक्षाओं में सामने आए पेपर लीक और धांधली के मामलों का उल्लेख किया।
साथ ही मई 2026 में आयोजित नीट-यूजी परीक्षा में भी पेपर लीक के आरोप लगने और परीक्षा रद्द होने का हवाला देते हुए कहा कि इन घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
निष्पक्ष जांच और शिक्षा सुधार की मांग
प्रदर्शनकारियों ने शिक्षाविद् सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करते हुए राष्ट्रीय परीक्षाओं में हुई सभी अनियमितताओं की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की।
युवाओं का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार कर परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
कई युवा और छात्र रहे मौजूद
प्रदर्शन में शरद, ऐश्वर्या गुप्ता, जसप्रीत, सौरभ देव, नितिन गौर, ध्रुव, हर्षपाल, निखिल यादव, प्रतीश, प्रांजल सिंह, यश राज, लाइक अहमद, शौर्य, ज़ैद हसन, रेहान, नूर, प्रियम, अभय यथार्थ, नागमित्र और हर्ष सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा और छात्र मौजूद रहे।


