संभल: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित, योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का लिया संकल्प

उप्र के संभल जनपद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के जनपदीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन चंदौसी के शशि मदन पब्लिक स्कूल, मझावली-बहजोई रोड पर किया गया।

संभल: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित, योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का लिया संकल्प
Published By- Diwaker Mishra

संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के जनपदीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन चंदौसी के शशि मदन पब्लिक स्कूल, मझावली-बहजोई रोड पर किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद की नोडल मंत्री श्रीमती गुलाब देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। वहीं मुरादाबाद मंडल के आयुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नामित किया गया था।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों, शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। 21 जून को पूरे देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में भी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुरादाबाद मंडल के आयुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सभी ने एक साथ योगाभ्यास कर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया,योग दिवस कार्यक्रम के दौरान लोगों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देती है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और स्कूली बच्चों की सहभागिता देखने को मिली।

राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान प्राप्त हुई है। आज दुनिया के अधिकांश देशों में योग को अपनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

मुरादाबाद मंडल के आयुक्त आञ्जनेय कुमार सिंह ने कहा कि योग मानव जीवन को स्वस्थ, अनुशासित और ऊर्जावान बनाता है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग को दे, तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और समाज को स्वस्थ बनाया जा सकता है।