दीपावली और छठ पूजा को लेकर सहारनपुर प्रशासन अलर्ट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती
उप्र के सहारनपुर जनपद में दीपावली, भैया दूज और छठ पूजा के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में दीपावली, भैया दूज और छठ पूजा के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है।
त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे जनपद को सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ एक पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है।
इसके अलावा पुलिस द्वारा शहर से लेकर देहात तक प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
पटाखों की दुकानों का सत्यापन कराने के लिए एसडीएम और सीओ की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं, ताकि पटाखों की बिक्री के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना या अव्यवस्था न हो। सुरक्षा मानकों का भी ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहेंगे, ताकि कहीं भी कोई समस्या आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके और आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने जनपदवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी लोग दीप जलाकर खुशियों के साथ त्योहार मनाएं। अपने रिश्तेदारों और करीबियों के साथ खुशियां बांटें तथा आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखें। प्रशासन का प्रयास है कि सभी त्योहार शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हों।



