औरैया में धूमधाम से निकली भगवान परशुराम शोभा यात्रा, फूल वर्षा से हुआ भव्य स्वागत
औरैया में भगवान परशुराम की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। शहरभर में फूल वर्षा से स्वागत, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल।
औरैया से अरुण कुमार की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़:- जनपद औरैया में भगवान परशुराम की शोभा यात्रा बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। शहर के तिलक नगर स्थित भूतेश्वर मंदिर से शुरू हुई इस शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बैंड-बाजों और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
यात्रा से पहले मंदिर में भगवान परशुराम का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद फफूंद रोड स्थित उमाप्रेम सत्संग आश्रम में 20 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार भी संपन्न हुआ।
शोभा यात्रा का शुभारंभ आरती और तिलक के साथ किया गया। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—हाजी पेट्रोल पंप रोड, संयुक्त जिला चिकित्सालय, संजय गेट, सुभाष चौक, सदर बाजार और लेडीज मार्केट होते हुए पुनः भूतेश्वर मंदिर पर समाप्त हुई। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में भगवान परशुराम के वेश में सजे श्रद्धालु रथ पर सवार थे, जबकि अन्य भक्त हाथों में धार्मिक ध्वज लेकर जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।
कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए शर्बत, ठंडे पेय और प्रसाद की व्यवस्था की गई। नगर पालिका परिषद गेट के पास विशेष स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल भी पूरे मार्ग पर तैनात रहा।

Janmat News 
