संभल में रिहायशी इलाके में चल रही अवैध ‘सींग बटन फैक्ट्री’ का भंडाफोड़, प्रशासन की छापेमारी से मचा हड़कंप
संभल के रुकनुद्दीन सराय में अवैध सींग बटन फैक्ट्री का खुलासा। बिना अनुमति चल रही यूनिट पर सिटी मजिस्ट्रेट की छापेमारी, नोटिस जारी।
संभल से रामब्रेश की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़ :- उत्तर प्रदेश के जनपद संभल में एक आवासीय क्षेत्र के बीच अवैध रूप से संचालित हो रही ‘सींग से बटन बनाने की फैक्ट्री’ का प्रशासन ने खुलासा किया है। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार की अगुवाई में की गई अचानक छापेमारी में इस गैरकानूनी गतिविधि का पर्दाफाश हुआ।
जानकारी के अनुसार, थाना नखासा क्षेत्र के रुकनुद्दीन सराय मोहल्ले में लंबे समय से बदबू और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि एक मकान में ‘रईस एंटरप्राइजेज’ के नाम से सींग से बटन बनाने का काम चल रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री संचालक के पास केवल जीएसटी रजिस्ट्रेशन है, जबकि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और उद्योग विभाग से जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी। इसके अलावा, फैक्ट्री से फैलने वाली दुर्गंध को नियंत्रित करने के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही थी।
सिटी मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि रिहायशी इलाके में इस तरह की औद्योगिक गतिविधियां नियमों के खिलाफ हैं। मौके पर ही बीएनएसएस की धारा 152 के तहत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान एक बिना नंबर की बाइक भी बरामद हुई, जिसकी जांच के आदेश पुलिस को दिए गए हैं।
वहीं, फैक्ट्री संचालक आदिल का कहना है कि कुछ जरूरी दस्तावेजों की कमी थी, जिन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही काम आगे बढ़ाया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Janmat News 
