Video: पिस्टल पर डिस्को!डांस के बीच लहराया तमंचा,महिला की ओर इशारा कर फरार हुआ युवक
गोरखपुर के बसावनपुर गांव में डांस कार्यक्रम के दौरान युवक ने मंच पर तमंचा लहराया। महिला की ओर इशारा करने का वीडियो वायरल, पुलिस ने जांच शुरू की।
गोरखपुर/जनमत न्यूज़:- गोरखपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर डांस के बीच एक युवक द्वारा तमंचा लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में एक युवक और एक महिला मंच पर डांस करते नजर आते हैं। इसी दौरान युवक अचानक तमंचा निकालकर महिला की ओर इशारा करता है। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोगों में हलचल मच जाती है।
बताया जा रहा है कि मंच के पास बैठे एक अन्य युवक की नजर जैसे ही इस हरकत पर पड़ती है, वह तुरंत उठकर आरोपी से बात करता है। इसके बाद युवक हथियार को छिपाकर वहां से निकल जाता है।
यह पूरा घटनाक्रम गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र के बसावनपुर गांव का बताया जा रहा है, जहां कुछ दिन पहले एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उसी दौरान यह घटना हुई, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है।
पुलिस ने लिया संज्ञान
मामले को लेकर गगहा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पाल ने बताया कि उन्हें पहले इस घटना की जानकारी नहीं थी। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वीडियो की सत्यता की पुष्टि की जा रही है और संबंधित व्यक्ति की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Janmat News 
