चन्दौली: संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने के लिए कांग्रेसजन लखनऊ रवाना, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
उप्र के चन्दौली जनपद से बुधवार की रात करीब 11 बजे शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता लखनऊ में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने के लिए मुगलसराय रेलवे स्टेशन से रवाना हुए।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद से बुधवार की रात करीब 11 बजे शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता लखनऊ में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने के लिए मुगलसराय रेलवे स्टेशन से रवाना हुए।
26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित मार्च में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कई कार्यकर्ता बस और निजी वाहनों से भी लखनऊ पहुंचे। इस दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार संवैधानिक मूल्यों को कमजोर कर रही है।
वोट चोरी, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों के खिलाफ कांग्रेस लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय से महात्मा गांधी की प्रतिमा तक संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। उन्होंने कहा कि मुगलसराय और चंदौली से सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। लखनऊ में 50 हजार लोगों के शामिल होने का लक्ष्य है।
उप्र कांग्रेस कमेटी के सदस्य अकील अहमद खान ने कहा कि 2014 से पहले संविधान सुरक्षित था, लेकिन इसके बाद धीरे-धीरे संवैधानिक व्यवस्था कमजोर होती जा रही है। सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को अपराधी और आतंकवादी तक बताया जाता है।
संविधान दिवस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित वरिष्ठ नेता लखनऊ पहुंचकर संविधान की रक्षा का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और 2027 में सरकार बदलने की तैयारी कर रही है।
जिला उपाध्यक्ष दयाराम पटेल ने कहा कि वोट चोरी, मंदिर के चढ़ावे और नीट परीक्षा से जुड़े सवाल जनता के सामने हैं। चुनाव से पहले इन मुद्दों पर लड़ाई जरूरी है। वहीं शाहिद तौसीफ ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।
भाजपा के मंत्री और विधायक लोकतंत्र तथा संविधान की मर्यादाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। संविधान रक्षा मार्च के माध्यम से कांग्रेस इसका विरोध करेगी। लखनऊ रवाना होने वालों में बृजेश गुप्ता, अकील अहमद खान, दयाराम पटेल, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल रहे।



