अयोध्या: भाजपा ने शुरू की सरदार पटेल की जयंती की तैयारी, 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित होंगे कार्यक्रम

उप्र की रामनगरी अयोध्या में भारत के प्रथम गृहमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

अयोध्या: भाजपा ने शुरू की सरदार पटेल की जयंती की तैयारी, 28 से 31 अक्टूबर तक आयोजित होंगे कार्यक्रम
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र की रामनगरी अयोध्या में भारत के प्रथम गृहमंत्री और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाने के लिए भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने प्रेस वार्ता में बताया कि 28 से 31 अक्टूबर तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में सरदार पटेल को उचित सम्मान नहीं दिया गया।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के बाद देश के महापुरुषों के योगदान और उनकी स्मृतियों को सम्मानित करने का काम किया है।

वेद प्रकाश गुप्ता ने गुजरात में नर्मदा नदी के तट पर स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा का उल्लेख करते हुए इसे विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा बताया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल किसी एक जाति या बिरादरी के नेता नहीं, बल्कि पूरे देश के नेता थे।

विधायक ने कहा कि देश की रियासतों को एकजुट कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सरदार पटेल की ऐतिहासिक भूमिका रही। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती के कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।

अयोध्या के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए वेद प्रकाश गुप्ता ने सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में अयोध्या के विकास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा: वेद प्रकाश गुप्ता ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी और अयोध्या विधानसभा सीट पर भी जीत दर्ज करेगी।