उरई में कुपोषण के खिलाफ बड़ी पहल, 52 अधिकारियों ने 97 बच्चों को लिया गोद
उप्र के उरई जनपद में कुपोषण उन्मूलन के लिए जिला प्रशासन ने प्रभावी पहल की है। जिलाधिकारी समीर ने 52 जिला स्तरीय अधिकारियों को 97 अतिकुपोषित बच्चों को गोद दिलाकर उनके पोषण एवं स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सौंपी है।
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में कुपोषण उन्मूलन के लिए जिला प्रशासन ने प्रभावी पहल की है। जिलाधिकारी समीर ने 52 जिला स्तरीय अधिकारियों को 97 अतिकुपोषित बच्चों को गोद दिलाकर उनके पोषण एवं स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सौंपी है।
जिलाधिकारी ने स्वयं भी चार बच्चों को गोद लेकर उनके बेहतर स्वास्थ्य और समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता जताई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नामित अधिकारी अपने-अपने बच्चों की नियमित निगरानी करें तथा वजन और लंबाई के मापन की शुद्धता जांचते हुए उनके पोषण स्तर में सुधार सुनिश्चित कराएं।
बच्चों के परिजनों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर उन्हें पात्रता के अनुसार राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, आवास योजना सहित अन्य शासकीय योजनाओं से लाभान्वित कराया जाए। जरूरत के अनुसार दुधारू गाय उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी नियमानुसार कार्यवाही की जाए।
उन्होंने कहा कि कुपोषण से मुक्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं संबंधित अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। सभी अधिकारी बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए गंभीरता से प्रयास करें, ताकि कोई भी बच्चा आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।



