चिलबिला में दिव्य कला एवं कौशल प्रदर्शनी का आयोजन, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने की दिव्यांगजनों की सराहना

प्रदर्शनी में दिव्यांगजनों की कला, हुनर और रचनात्मकता को देखकर राज्यमंत्री ने उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन किसी भी तरह से कमजोर नहीं हैं, बल्कि उन्हें उचित अवसर और मंच मिलने की जरूरत है।

चिलबिला में दिव्य कला एवं कौशल प्रदर्शनी का आयोजन, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने की दिव्यांगजनों की सराहना
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट —

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज। चिलबिला क्षेत्र में सोमवार दोपहर ‘दिव्य कला एवं कौशल प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यमंत्री करीब 12:30 बजे प्रदर्शनी स्थल पर पहुंचे और दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों का गहन अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में दिव्यांगजनों की कला, हुनर और रचनात्मकता को देखकर राज्यमंत्री ने उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन किसी भी तरह से कमजोर नहीं हैं, बल्कि उन्हें उचित अवसर और मंच मिलने की जरूरत है। इस अवसर पर राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग भी वितरित किए, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सहूलियत मिल सके।

अपने संबोधन में राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। दिव्यांगजनों के लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें और सम्मानजनक जीवन जी सकें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि दिव्यांगों को रोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रदर्शनी का उद्देश्य दिव्यांगजनों की प्रतिभा को सामने लाना और समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और दिव्यांगजनों के उत्पादों में रुचि दिखाई।