गोसाईगंज में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, भारत माता के जयघोष से गूंजा वातावरण
पूर्व विधायक इन्द्रप्रताप तिवारी (खब्बू तिवारी) के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में क्षेत्र के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान भारत माता के जयघोष, वंदे मातरम् और तिरंगे की महिमा के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

गोसाईगंज/जनमत न्यूज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गोसाईगंज में आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का अभूतपूर्व ज्वार देखने को मिला। पूर्व विधायक इन्द्रप्रताप तिवारी (खब्बू तिवारी) के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में क्षेत्र के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान भारत माता के जयघोष, वंदे मातरम् और तिरंगे की महिमा के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
यह तिरंगा यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत आयोजित की गई, जिसमें गोसाईगंज एवं हैदरगंज मण्डल के कार्यकर्ताओं और आम जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा में शामिल लोगों ने न केवल तिरंगे के सम्मान में नारे लगाए, बल्कि घर-घर राष्ट्रध्वज फहराने का संकल्प भी लिया।
पूर्व विधायक इन्द्रप्रताप तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान है। हर नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गौरव की रक्षा करे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं और आने वाली पीढ़ी को भी इसके महत्व से अवगत कराएं।
तिरंगा यात्रा के दौरान स्थानीय बाजार, गलियां और मुख्य मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी तिरंगे की शान में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देते दिखे।