औरैया: स्कूल बस के सामने आ गया सांप, बच्चों में फ़ैल गई दहशत; 25 मिनट तक रुका रास्ता
उप्र के औरैया जनपद में स्कूल से लौट रहे बच्चों से भरी बस के पहिए उस वक्त थम गए, जब उसके सामने फन उठाकर एक सांप खड़ा हो गया।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद में स्कूल से लौट रहे बच्चों से भरी बस के पहिए उस वक्त थम गए, जब उसके सामने फन उठाकर एक सांप खड़ा हो गया। करीब 25 मिनट तक सांप सड़क से नहीं हटा, जिससे बच्चों और चालक में दहशत फैल गई। जब सांप सड़क से हटा तब जाकर बस आगे बढ़ सकी।
मिली जानकारी के अनुसार जनपद के सहार थाना क्षेत्र के सौथरा मार्ग पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों से भरी बस के सामने अचानक एक सांप आकर खड़ा हो गया। लोगों ने सांप के आगे मन्नतें भी की।
करीब 25 मिनट बाद सांप रास्ते से हटा। बस दिबियापुर के एक कालेज की है। स्कूल बस रोज की तरह बच्चों को लेकर जा रही थी। बस सौथरा मार्ग पर पहुंची, तभी बीच सड़क पर फन उठाए खड़ा सांप ड्राइवर को दिखाई दिया।
स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर बस रोक दी। बस के रुकते ही अंदर बैठे बच्चों में दहशत फैल गई और वे सहम गए। सांप के हटने पर बस आगे बढ़ सकी। लोगों में इसकी चर्चा बनी रही।

Janmat News 
