बारिश से पहले एक्शन मोड में अयोध्या नगर निगम, नाले-नालियों की सफाई शुरू
उप्र के अयोध्या जनपद में मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के छोटे और बड़े नालों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया गया है
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के छोटे और बड़े नालों की सफाई का अभियान शुरू कर दिया गया है, ताकि बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि छोटे नालों की सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है।
इसके लिए अतिरिक्त मैनपावर की व्यवस्था की गई है। वहीं बड़े नालों की सफाई भी शुरू हो चुकी है। जिन क्षेत्रों में जलभराव की आशंका है, वहां पंपिंग सेट लगाने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं। जहां भी जल निकासी में बाधा या सफाई की आवश्यकता मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त ने दावा किया कि बारिश के दौरान शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति न बनने पाए, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
नगर निगम का कहना है कि मानसून शुरू होने से पहले प्रमुख नालों और नालियों की सफाई पूरी कर ली जाएगी, जिससे लोगों को बरसात में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।

Janmat News 
