सहारनपुर: घर से घूमने निकले युवक का सड़क किनारे मिला शव, परिजनों में कोहराम; जांच में जुटी पुलिस
उप्र के सहारनपुर जनपद के थाना सरसावा क्षेत्र के ग्राम भिक्कनपुर के निकट मंगलवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की।
सहारनपुर से अनिल वर्मा/मोहन कश्यप की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के थाना सरसावा क्षेत्र के ग्राम भिक्कनपुर के निकट मंगलवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल की।
मृतक की पहचान थाना चिलकाना क्षेत्र के ग्राम चौरीमंडी निवासी 35 वर्षीय राजपाल उर्फ रज्जू पुत्र रामलाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजपाल उर्फ रज्जू सोमवार रात करीब नौ बजे घर से घूमने के लिए निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को उसकी चिंता सताने लगी।
परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन पूरी रात उसका कोई सुराग नहीं लग सका। मंगलवार सुबह थाना सरसावा क्षेत्र के ग्राम भिक्कनपुर के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई, जिसमें मृतक की पहचान राजपाल उर्फ रज्जू के रूप में हुई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वही थाना सरसावा प्रभारी प्रवेश शर्मा ने बताया की फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है जबतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो जाती है.



