बलरामपुर: तालाब में तेंदुआ गिरने से मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू
उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना महाराजगंज तराई अंतर्गत बारहवां रेंज क्षेत्र के ग्राम बरगदही में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे राजन सिंह के तालाब में एक जंगली जानवर गिर गया।
बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट
बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के थाना महाराजगंज तराई अंतर्गत बारहवां रेंज क्षेत्र के ग्राम बरगदही में सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे राजन सिंह के तालाब में एक जंगली जानवर गिर गया। तालाब में जानवर को फंसा देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तालाब नौखान के उस पार होने के कारण टीम को नाव के सहारे वहां तक जाना पड़ा। वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कर जंगली जानवर को तालाब से बाहर निकाला। इसके बाद टीम उसे अपने साथ ले गई।
बारहवां रेंज के रेंजर बृजेश सिंह परमार ने बताया कि रेस्क्यू किए गए जानवर की अभी पहचान नहीं हो पाई है। यह फिशिंग कैट है या तेंदुआ, इसकी पुष्टि की जानी बाकी है। जंगली जानवर दिखाई देने पर उसके पास न जाएं, न उसे घेरें और न ही छेड़ने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।



