वो तो जीना चाहता था, मगर सिस्टम से हार गया; UP में एक और BLO ने दे दी जान
उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में चल रहा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR ) अभियान सरकारी कर्मचारियों के लिए घातक साबित हो रहा है।
लखनऊ/ मुरादाबाद/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में चल रहा मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR ) अभियान सरकारी कर्मचारियों के लिए घातक साबित हो रहा है। SIR अभियान में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के रूप में कार्य कर रहे ये सरकारी कर्मी काम के दबाव व अधिकारियों की प्रताड़ना से तंग आकर या तो आत्महत्या कर रहे हैं या हार्ट अटैक का शिकार हो रहे हैं।
एक तरफ तो SIR की प्रक्रिया तेजी से चल रही है, तो दूसरी तरफ SIR प्रक्रिया में लगे बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के रूप में कार्य कर रहे सरकारी कर्मियों (अध्यापक-लेखपाल आदि) की मौत का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। हालाँकि SIR फॉर्म भरकर जमा करने की डेडलाइन 4 दिसंबर की समय सीमा 7 दिनों के लिए बढ़ा दी गई है।
मुरादाबाद, बलिया, देवरिया, लखनऊ, गोंडा समेत कई जिलों से BLO के आत्महत्या करने और हार्ट अटैक समेत अन्य कारणों से मौत की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं। इस बीच SIR प्रक्रिया के बीच एक दिल दहला देने वाली खबर मुरादाबाद से सामने आई है।
चुनावी काम का बोझ, लक्ष्य पूरा न कर पाने की चिंता, बेटियों का तबियत और हर दिन बढ़ता दबाव, इन सबके बीच एक शिक्षक BLO की जान चली गई है। मुरादाबाद में 45 वर्षीय सर्वेश सिंह ने रविवार सुबह फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला हमेशा के लिए खत्म कर ली है।
दरअसल मुरादाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बहेडी ब्रहमनान निवासी 45 वर्षीय शिक्षक सर्वेश सिंह इस समय BLO ड्यूटी में कार्यरत थे। उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सर्वेश सिंह मूल रूप से जाहिदपुर कम्पोजिट विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और लगभग आठ सालों से नौकरी कर रहे थे। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। तलाशी के दौरान सर्वेश सिंह की जेब से तीन पेज का सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसे बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबोधित किया गया है।
BLO ने टारगेट को बताया आत्महत्या की वजह
सुसाइड नोट में सर्वेश ने खुद पर लगातार बढ़ रहे कार्यभार, लक्ष्य को पूरा न कर पाने की चिंता और अधिकारियों के दबाव को आत्महत्या का कारण बताया है। सुसाइड नोट में उन्होंने लिखा कि रात-दिन काम करता रहा, फिर भी टार्गेट पूरा नहीं कर पा रहा हूं। सिर्फ 2-3 घंटे की ही नींद मिल पा रही है।
सर्वेश ने पत्र में आगे लिखा कि पहली बार BLO बनने के कारण काम समझने में समय लगा, लेकिन समय कम था। मेरी 4 बेटियों हैं, जिसमें से दो की तबियत खराब रहती है, उनका ख्याल रखना। उन्होंने कहा कि मैं जीना चाहता हूं, लेकिन घुटन और डर बहुत बढ़ गया है।
तीन ने आत्महत्या और 6 की मौत बनी पहेली
बताते चले कि SIR अभियान के बीच कर्मचारियों पर काम का बोझ और दबाव लगातार चर्चा का विषय बनता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बीते एक हफ्ते में SIR ड्यूटी से जुड़े तीन BLO आत्महत्या कर जान दे चुके हैं। वहींं छह अन्य कर्मियों की ड्यूटी के दौरान या स्वास्थ्य बिगड़ने से मौत हो गई है। परिजनों ने इन मौतों के पीछे कार्य का दबाव और छुट्टियों की अनदेखी को मुख्य कारण बताया है।
मुरादाबाद के सर्वेश सिंह की तरह बीते 25 नवंबर को फतेहपुर में लेखपाल रामलाल कोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों के अनुसार शादी से एक दिन पहले वह छुट्टी के लिए प्रयास कर रहे थे, लेकिन छुट्टी नहीं मिल रही थी। आरोप है कि मेंहदी की रस्म वाले दिन कानूनगो घर पहुंचे और ड्यूटी में लापरवाही बताकर सस्पेंशन की धमकी दी। इससे मानसिक रूप से टूटकर रामलाल ने आत्महत्या कर ली। वहीं परिवार ने अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज करने की भी मांग उठाई थी।
इसी तरह गोंडा में BLO विपिन यादव ने जहर खाकर जान दे दी थी। जहर खाने के बाद सामने आए वीडियो में उन्होंने SIR कार्य को लेकर अधिकारियों पर अत्यधिक दबाव और धमकी का आरोप लगाया था। विपिन यादव सहायक अध्यापक के रूप में तैनात थे।
BLO ड्यूटी का तनाव नहीं झेल पा रहे
इसी तरह देवरिया में भी SIR ड्यूटी में लगे लेखपाल आशीष कुमार (35) की मौत हो गई थी। परिवार का कहना है कि लगातार ड्यूटी प्रेशर और तनाव के चलते उन्हें हार्ट अटैक आ गया था। इसके बाद BLO रंजू दुबे की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। परिजनों ने दावा किया कि SIR काम का दबाव अधिक था, जिससे तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया था।
बीती 26 नवंबर को बरेली में BLO संतोष कुमार गंगवार की SIR फॉर्म वितरण के दौरान मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने काम का उन पर काफी दबाव डाल रखा था। संतोष की पत्नी की दो महीने पहले कैंसर से मौत हुई थी। वहीं अब उनके दो बच्चे अनाथ हो गए। लखनऊ मलिहाबाद BLO विजय कुमार वर्मा की भी ब्रेन हेमरेज के चलते मौत हो गई।
परिवार ने SIR प्रक्रिया के दबाव का अधिकारियों पर आरोप लगाया।अखिलेश यादव ने भी उनके परिवार को मदद दी। बता दें कि लगभग सभी मामलों में पीड़ितों के परिवारों ने काम के दबाव का जिक्र किया है। साथ ही वो असमायिक अपने करीबियों की मौत के जिम्मेदारों को जानना चाहते हैं।

Janmat News 
