अलीगढ़: AMU छात्रों ने PM के नाम पर 2500 बेड के हॉस्टल का रखा प्रस्ताव, मुद्दे पर होगी डिबेट
उप्र के अलीगढ़ जनपद के AMU में हॉस्टल की कमी को लेकर उठी नए हॉस्टल बनाने की मांग के बाद अब इसी मुद्दे को लेकर AMU के छात्र सोनपाल और मोहम्मद सलमान गोरी ने डिबेट कराने की पहल की है।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट
अलीगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के अलीगढ़ जनपद के अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में हॉस्टल की कमी को लेकर उठी नए हॉस्टल बनाने की मांग के बाद अब इसी मुद्दे को लेकर AMU के छात्र सोनपाल और मोहम्मद सलमान गोरी ने डिबेट कराने की पहल की है।
छात्रों ने आज विश्वविद्यालय प्रशासन को एक आवेदन देकर यूनियन हॉल में प्रस्तावित डिबेट प्रतियोगिता की अनुमति मांगी है। डिबेट में हॉर्स राइडिंग क्लब की जमीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से 2500 बेड का हॉस्टल बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा की जानी है।
खास बात यह है कि जिस जमीन पर हॉस्टल बनाने का प्रस्ताव रखा गया है, वही जमीन इन दिनों AMU और अलीगढ़ नगर निगम के बीच विवाद का केंद्र बनी हुई है। नगर निगम द्वारा जमीन पर अपना दावा किए जाने के बाद मामला एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है, जहां एएमयू और नगर निगम दोनों अपना-अपना पक्ष रख रहे हैं।
इसी विवादित जमीन को लेकर छात्र सोनपाल का कहना है कि यदि न्यायालय के आदेश के बाद जमीन एएमयू को मिलती है तो उसी स्थान पर छात्रों के लिए नरेंद्र मोदी के नाम से 2500 बेड का हॉस्टल बनाया जाना चाहिए।
छात्रों ने इस प्रस्ताव को लेकर अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम से भी पहल करने और 2500 बेड के हॉस्टल का प्रस्ताव स्वीकृत कराने के साथ प्रोजेक्ट लाने की अपील की है।
छात्र का तर्क है कि AMU में हॉस्टल की भारी कमी है और बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय परिसर से बाहर निजी पीजी और अन्य स्थानों पर रहने को मजबूर हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय में नए हॉस्टल का निर्माण छात्रों की सुरक्षा और आवास की समस्या के समाधान के लिहाज से जरूरी है।




