अयोध्या में कांग्रेस का हल्लाबोल, CEC ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला; इस्तीफे की मांग
उप्र के अयोध्या जनपद में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला और महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय कमला नेहरू भवन पर एकत्र हुए।
यहां से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता मे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और जुलूस की शक्ल में रिकाबगंज चौराहे की ओर रवाना हुए। रिकाबगंज चौराहे पर पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में संशोधन और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के नाम पर मतदाताओं के वोट काटे जा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि इस तरह की कार्रवाई से मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष चेत्रनारायण सिंह और मीडिया प्रवक्ता शीतला पाठक ने किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और इसमें किसी भी तरह की कथित अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर जनता के बीच विश्वास कायम रहना जरूरी है।



